# अजमेर

RPSC Exam: जुलाई तक चलेंगी 9737 पदों की भर्ती परीक्षा, 17 लाख अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) आगामी जुलाई तक 9,737 पदों के लिए बड़ी भर्ती परीक्षाएं आयोजित करेगा। इन परीक्षाओं में करीब 17 लाख अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। वरिष्ठ अध्यापक, प्राध्यापक (कृषि), कोच भर्ती और आरएएस-2026 जैसी प्रमुख परीक्षाओं के लिए आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

2 min read
राजस्थान लोक सेवा आयोग (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग जुलाई तक 9737 पदों की भर्ती परीक्षाएं कराएगा। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच और वरिष्ठ अध्यापक भर्ती जैसी बड़ी परीक्षाएं होंगी। इसी साल राज्य की सबसे बड़ी आरएएस 2026 प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन भी होगा। साल 2026 के भर्ती कैलेंडर में 12 हजार 143 पदों की परीक्षाएं शामिल की गई हैं। इनमें जनवरी से अप्रेल तक 2430 पदों की भर्ती परीक्षाएं हो चुकी हैं। अब नवम्बर तक की 9713 पदों की भर्ती परीक्षाएं होनी हैं।

इनके अलावा आरएएस 2026 के तहत 607 और सहायक अभियोजन अधिकारी भर्ती के तहत 371 पदों की अभ्यर्थना भी मिली है। आयोग ने कैलेंडर में 29 नवम्बर, 6 और 27 दिसम्बर की तिथियां अन्य परीक्षाओं के लिए आरक्षित कर रखी हैं।

जून-जुलाई तक यह परीक्षाएं

  • प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच (मा.शिक्षा) (3225 पद)- 31 मई से 11 जून
  • वरिष्ठ अध्यापक (मा. शिक्षा) (6500 पद)- 12 से 18 जुलाई
  • कनिष्ठ विधि अधिकारी (जेडीए) परीक्षा (12 पद)- 26-27 जुलाई

अन्य पदों की परीक्षाएं

  • सांख्यिकी अधिकारी (सांख्यिकी विभाग) परीक्षा (113 पद)- 30 अगस्त
  • सहायक नियोजन अधिकारी गृह (अभियोजन) परीक्षा (371 पद)-2 सितम्बर
  • निरीक्षक फैक्टरी बॉयलर्स (कारखाना-बाॅयलर्स) परीक्षा (13 पद)- 20 सितम्बर
  • सहायक निदेशक एवं वरि. वैज्ञानिक अधिकारी (विधि विज्ञान) (28 पद)- 13 से 16 अक्टूबर
  • संरक्षण अधिकारी (महिला-बाल विकास)परीक्षा (12 पद)- 15 नवम्बर
  • आरएस 2026 प्रारंभिक परीक्षा (607 पद)-29 नवम्बर
  • प्राध्यापक विशेष शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा (121 पद)-6 दिसम्बर

(तिथियां आयोग के अनुसार)

इन संसाधनों की होगी जरूरत

  • 2 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र
  • 1 हजार वीडियोग्राफर, सीसीटीवी
  • 3 हजार से ज्यादा शिक्षक-कर्मचारी
  • 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी
  • 500 से ज्यादा वाहन और अन्य साधन

प्राध्यापक विशेष शिक्षा भर्ती के ऑनलाइन फॉर्म कल से

राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में प्राध्यापक - विशेष शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग) के 121 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार से भरने शुरू होंगे। आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि विशेष शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग) के 121 पदों पर भर्ती होगी। शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार वर्गीकरण एवं अन्य जानकारी संबंधी विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन आवेदन 30 जून को रात्रि 12 बजे तक किए जा सकेंगे। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। परीक्षा तिथि की सूचना जल्द जारी होगी। मालूम हो कि राजस्थान पत्रिका ने बीते अप्रेल में भर्ती अभ्यर्थना देरी से जारी करने को लेकर खबर प्रकाशित की थी।

कॉलेज शिक्षा पदों के साक्षात्कार कल से होंगे

राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में सोमवार से सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग)-2023 के विषयवार पदों के साक्षात्कार प्रारंभ होंगे। सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि सहायक आचार्य इतिहास के आठवें चरण, ईएएफएफम के चतुर्थ चरण, शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक के चतुर्थ चरण, और पुस्तकालयाध्यक्ष के प्रथम चरण के साक्षात्कार सोमवार से शुरू होंगे।

इसी तरह सहायक आचार्य बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के साक्षात्कार 4 जून से प्रारंभ होंगे। अभ्यर्थियों को सभी मूल शैक्षिक, प्रशैक्षिक दस्तावेज और उनकी फोटो कॉपी, फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र और रंगीन फोटो लानी जरूरी होगी।