NIA Raid In Ajmer: अजमेर में एनआईए की कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क के शक में युवक को हिरासत में लेकर दिल्ली ले जाया गया है।
अजमेर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बोराज रोड स्थित अंबिका विहार कॉलोनी में छापेमारी की। टीम करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद किराए के मकान में रहने वाले परमेश मीणा को अपने साथ दिल्ली ले गई। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद अजमेर पुलिस और खुफिया एजेंसियां उसके परिवार तथा परिचितों से गहन पूछताछ कर संभावित नेटवर्क और संपर्कों की जांच में जुटी हैं।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी। यहां भीलवाड़ा निवासी परमेश मीणा अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। टीम ने दोनों से बंद कमरे में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। जानकारी के अनुसार परमेश मीणा पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। एनआईए को इसके संबंध में खुफिया इनपुट मिले थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से अंबिका विहार कॉलोनी में रह रहा था। एनआईए ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। पूछताछ में परमेश के ऑनलाइन लूडो गेम खेलने की जानकारी सामने आई।
कुछ लोगों ने उसके रिकवरी से जुड़े काम करने की बात भी बताई। हालांकि अजमेर में उसके किसी कारोबार या नौकरी की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। बंद कमरे में पूछताछ के बाद टीम उसे अपने साथ दिल्ली ले गई। जांच एजेंसी ने परमेश मीणा के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी कब्जे में ले लिए हैं।
गौरतलब है कि आतंकी शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका में श्रीगंगानगर के सात युवकों को पहले भी डिटेन किया जा चुका है। खुफिया सूत्रों के अनुसार भट्टी स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में जोड़ने की कोशिश कर रहा था, खासकर उन लोगों को जो कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में रहते हैं। इसके बाद एटीएस और पुलिस ने पूरे प्रदेश में सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच शुरू कर दी थी।
वहीं दूसरी ओर एनआइए की टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 4.30 बजे नीमराणा के माधोसिंहपुरा गांव की एक श्रमिक कॉलोनी में दबिश दी और यहां किराए के मकान में पिछले छह साल से रह रहे उत्तरप्रदेश के सीतापुर निवासी शुभम कुमार उर्फ शुभम श्रीवास्तव के पिता नंदकिशोर को नीमराणा के पुलिस थाने ले गई। जहां नंदकिशोर से लंबी पूछताछ की गई। शुभम कुमार उर्फ शुभम श्रीवास्तव को पंजाब की स्पेशल ऑपरेशन सेल ने 10 फरवरी 2026 को आइईडी, विदेशी पिस्टल, रिमोट कंट्रोल सहित अन्य सामान के साथ पंजाब में गिरफ्तार किया था।
दबिश देने वाली एनआइए की टीम में चार अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार किए गए आतंकी गतिविधियों में लिप्त एक आरोपी शुभम के ठिकानों पर एनआइए की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। शुभम के पिता से पूछताछ की। एनआइए के अधिकारियों ने इस दौरान किसी को भी गिरफ्तार किए जाने की कोई सूचना जिला पुलिस को नहीं दी। बताया जा रहा है कि एनआइए की टीम ने आतंकी गतिविधियों व फंडिंग को लेकर उक्त कार्रवाई की।
एनआइए की टीम करीब दो से ढाई घंटे तक शुभम के किराए के मकान में रही। इस दौरान टीम ने मकान में मिले विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व गैजेट्स की जांच की। टीम कुछ सामान जब्त कर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि एनआइए के अधिकारियों ने नंदकिशोर से उसके बेटे शुभम के बारे में कई सवाल पूछे। विदेशी फंडिंग व बेटे के नेटवर्क में शामिल लोगों को लेकर पूछताछ की। शुभम का परिवार गुरुवार को ही सीतापुर से नीमराणा आया था। आरोपी शुभम पूर्व में नीमराणा के जापानी जोन स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। उसके पिता नंदकिशोर केशवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं।