
Consumers in LPG gas agency (Photo source- Patrika)
अंबिकापुर. सरगुजा जिले में रसोई गैस (LPG gas cylinder) को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढऩे लगी है। सर्वर डाउन होने के कारण गैस की बुकिंग पर्ची नहीं कट पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि जहां पहले प्रतिदिन 300 से 400 बुकिंग होती थी, वहीं पिछले तीन से चार दिनों से मात्र 10 से 12 बुकिंग ही हो पा रही है। अमेरिका-इजराइल व ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण लोगों के मन में यह बात आ गई है कि गैस की किल्लत होने वाली है। ऐसे में सभी सिलेंडर की बुकिंग करने टूट पड़े हैं। इधर कलेक्टर का कहना है कि जिले के सभी एजेंसियों में पर्याप्त एलपीजी गैस उपलब्ध हैं, अफवाहों पर ध्यान न दें।
सर्वर समस्या के कारण गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ लगने लगी है। हालांकि खाद्य विभाग व एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उनके अनुसार अफवाहों के चलते लोग बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ गया है और यह बार-बार डाउन हो रहा है। इधर प्रशासन द्वारा व्यवसायिक गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) के वितरण पर फिलहाल पूरी तरह रोक लगा दी गई है। केवल अस्पतालों को ही रसोई गैस उपलब्ध कराने की अनुमति दी गई है।
इसके चलते शहर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों में हडक़ंप की स्थिति बन गई है। इस बीच रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि कुछ बिचौलिए घरेलू गैस सिलेंडर को 1800 से 2000 रुपए तक में बेच रहे हैं।
गैस एजेंसियों के अनुसार फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) की आपूर्ति जारी है, लेकिन वितरण अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।
सरगुजा जिले में 3 प्रमुख कंपनियों के माध्यम से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को रसोई गैस (LPG gas cylinder) की आपूर्ति की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जिले में 2 लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थी और सामान्य उपभोक्ता दोनों शामिल हैं।
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG gas cylinder) के अवैध भण्डारण एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग द्वारा अवैध रूप से भण्डारित घरेलू गैस सिलेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
खाद्य अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान तुलसी छत्तीसगढ़ गैस एजेंसी उदययपुर से 115 नग, गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग नमनाकला से 3 नग तथा प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप दर्रीपारा से 6 नग घरेलू गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 124 नग गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उक्त प्रकरण में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG gas cylinder) की पर्याप्त उपलब्धता है तथा सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है।
गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण पर नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है। साथ ही राज्य स्तर पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं दैनिक आवश्यकता की सतत निगरानी रखने तथा अवैध भण्डारण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
Published on:
12 Mar 2026 08:45 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
