28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News: अब 20 KM कम हो जाएगी कठूमर से भरतपुर की दूरी, इस सड़क पर खर्च होंगे 22 करोड़ रुपए

Kathumar Bharatpur Road Project: कठूमर क्षेत्र को बजट में सड़क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी बड़ी सौगात मिली है। कठूमर-नदबई मार्ग के नवनिर्माण और धौलागढ़ देवी मंदिर के विकास से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

less than 1 minute read
Google source verification

अलवर

image

Rakesh Mishra

Feb 28, 2026

Kathumar-Nadbai Road, Kathumar-Nadbai New Road, Road Project, Road Project in Kathumar, Road Project in Nadbai, Kathumar Bharatpur Road Project, Bharatpur Road Project

एआई तस्वीर

कठूमर। कठूमर-नदबई सड़क की चौड़ाई सहित नवनिर्माण कार्य और देवी धौलागढ़ मंदिर के विकास से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सीएम भजनलाल शर्मा ने बजट बहस के दौरान क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है। इसके तहत कठूमर से नदबई (भरतपुर) मार्ग के 18 किमी हिस्से की चौड़ाई सहित नवनिर्माण पर लगभग 22 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

समय और ईंधन दोनों की बचत

यह कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा। इस सड़क के निर्माण के बाद कठूमर से भरतपुर तक की दूरी करीब 20 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। वर्तमान में नदबई जाने के लिए लोगों को टीकरी हुलयाना या खेरली होकर लंबा मार्ग तय करना पड़ता है, जिससे दूरी और खर्च बढ़ जाता है। सड़क बनने के बाद नदबई और भरतपुर तक पहुंच सुगम हो जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

धौलागढ़ देवी मंदिर के विकास के लिए एक करोड़ की स्वीकृति

बजट में पहली बार देवी धौलागढ़ मंदिर के विकास के लिए एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों का मानना है कि इन विकास कार्यों से कठूमर क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। विधायक रमेश खींची ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने बजट में शामिल कर स्वीकृति प्रदान की है।