अलवर, Apr 28, 2026

लक्ष्मणगढ़. थाना क्षेत्र के हरसाना गांव में आपसी रंजिश के चलते बाड़े में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में करीब छह पशु झुलस गए तथा चारा, अनाज और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। इस संबंध में पीड़िता गल्लो देवी ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि 20 अप्रेल को आरोपी अनिल मीना ने शराब की बोतल फेंककर विवाद शुरू किया और विरोध करने पर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रविवार रात आरोपी ने घर में पत्थर और कांच की बोतल फेंके जाने का भी आरोप लगाया। रात करीब 2 बजे जब परिजन बाड़े में पहुंचे तो वहां आग की लपटें उठती देखी। आरोप है कि आरोपी आग लगाकर मौके से भाग गया। आग ने कुछ ही देर में बाड़े में बंधे पशुओं, चारे और अनाज को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गर्भवती 2 भैंसें, 3 पाडियां गंभीर रूप से झुलस गईं। साथ ही लगभग 30 क्विंटल सरसों, 20 क्विंटल गेहूं, 100 मन तूड़ा तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर तहसीलदार हरदयालसिंह और पटवारी अजय नागपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान भाजपा नेता मुकेश पटेल, उप प्रधान योगेश पटेल, सरपंच प्रभुदयाल मीना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Updated on: 28 Apr 2026 04:08 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।