
जिला अस्पताल - फाइल फोटो
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के गांव जातपुर धीवर का बास में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। प्लॉट में पानी डालने को लेकर हुए झगड़े के बाद मारपीट में घायल गर्भवती महिला का मृत शिशु जन्म लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के ससुर ने आरोप लगाया कि 24 फरवरी को घर के पास स्थित उनके प्लॉट में परिवार के ही कुछ लोग जबरन पानी छोड़ रहे थे। विरोध करने पर रामजीलाल, सतीश, चिरंजी सहित करीब 10-15 लोगों ने लोहे की सरियों से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें बेटे करण सिंह की पत्नी श्रीदेवी के पेट में गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर 2 मार्च को उसे काला कुआं स्थित सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान महिला डॉक्टर ने बताया कि गर्भ में पल रहे शिशु की तीन दिन पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद डिलीवरी कराई गई, जिसमें मृत शिशु जन्मा।
पुलिस ने शिशु के शव को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद परिजनों में रोष व्याप्त है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और मारपीट के कारणों की गहन जांच कर रही है।
Published on:
04 Mar 2026 02:49 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
