
राजगढ़ में मिला दुर्लभ प्रजाति का उल्लू (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले में राजगढ़ क्षेत्र के खरखड़ा गांव के जंगल में दुर्लभ प्रजाति का उल्लू मिलने से ग्रामीणों में कौतूहल फैल गया। ग्रामीणों ने बताया कि ठंड के कारण उल्लू उड़ने में असमर्थ था और खेत में पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलते ही नगर पालिका कार्मिक जुगनू तमोली एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय पालिका कार्मिक की मदद से उल्लू को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे तुरंत राजगढ़ स्थित पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सक डॉ. मोहन लाल मीना और डॉ. योगेश मीना ने उल्लू का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक ठंड के कारण उल्लू कमजोर हो गया था, हालांकि उसकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
वनकर्मियों ने जानकारी दी कि यह उल्लू दुर्लभ प्रजाति का नर है, जो आमतौर पर बहुत कम देखने को मिलता है। प्राथमिक उपचार के बाद उल्लू को माचाड़ी मार्ग स्थित लवकुश वाटिका में सुरक्षित रूप से रखा गया है। वहां वन विभाग की निगरानी में उसकी नियमित देखभाल की जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि उल्लू के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। वहीं, विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीव मिलने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
Published on:
21 Jan 2026 02:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
