
एआई तस्वीर
अजमेर। पुष्कर कस्बे में टूरिस्ट वीजा पर रह रहे दो ब्रिटिश नागरिकों द्वारा वीजा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। वीजा शर्तों के तहत अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सीआईडी (विशेष शाखा) एवं विदेशी पंजीकरण कार्यालय की ओर से दोनों विदेशी नागरिकों को ‘लीव इंडिया नोटिस’ जारी कर देश छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीकरण अधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि यूके सिटीजन लुईस गैब्रियल और उसकी महिला मित्र डी अनुएशी एम्मा क्रिस्टीन टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे और 16 दिसंबर को पुष्कर पहुंचकर इमली मोहल्ला स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। मीणा ने बताया कि 21 जनवरी को पुष्कर में 2-3 स्थानों पर फिलिस्तीन समर्थित और इजरायल विरोधी छोटे-छोटे स्टीकर लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर सीआईडी यूनिट पुष्कर के स्टाफ ने तत्काल स्टीकर हटवाने की कार्रवाई की।
मीणा ने बताया कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईडी यूनिट ने जिला पुलिस की मदद से स्टीकर हटाने की कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि ये स्टीकर टूरिस्ट वीजा पर रह रहे उक्त ब्रिटिश नागरिकों द्वारा लगाए गए थे। एएसपी राजेश मीणा ने बताया कि टूरिस्ट वीजा पर रहते हुए किसी अन्य देश के पक्ष या विरोध में राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होना वीजा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि वीजा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विदेशी नागरिकों के खिलाफ इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत कार्रवाई की गई। इसके तहत 2 फरवरी को दोनों विदेशी नागरिकों को लीव इंडिया नोटिस जारी कर भारत छोड़ने के निर्देश दिए गए।
मीणा ने बताया कि विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वीजा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले विदेशी नागरिकों को चिन्हित कर डिपोर्ट करने के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी। गौरतलब है कि पुष्कर में इजरायल का धार्मिक स्थल बेदखबाद स्थित है, जिसके चलते यहां बड़ी संख्या में इजरायली पर्यटक भी आते रहते हैं।
Published on:
02 Feb 2026 09:10 pm

बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
