30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर, May 22, 2026

अजमेर जेल में भूख हड़ताल पर बैठा रोहित गोदारा गैंग का कुख्यात गुर्गा, गोगामेड़ी हत्याकांड का है आरोपी

Rohit Godara Gang: गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का गुर्गा अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में पिछले चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठा है। जेल प्रशासन ने परिसर में ही मेडिकल चेकअप कराया है। वह राजस्थान के अन्य जेल में शिफ्ट करने की मांग पर अड़ा हुआ है।

Rohit Godara gang

रोहित गोदारा के गुर्गे ने छोड़ा खाना, अजमेर जेल प्रशासन के फूले हाथ-पांव (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Ajmer High Security Jail: अजमेर: राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सदस्य अशोक धनाराम 19 मई से भूख हड़ताल पर बैठा है। अशोक ने पूरी तरह से खाना छोड़ दिया है, जिसके बाद से जेल प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधिकारियों ने तुरंत जयपुर स्थित जेल मुख्यालय को इसकी सूचना दे दी है। फिलहाल, जेल में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और डॉक्टर लगातार उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। जेल प्रशासन की मानें तो अन्यत्र शिफ्टिंग को लेकर अशोक पहले भी भूख हड़ताल कर चुका है, उससे कई बार समझाइश की गई है।

जेल बदलने की जिद पर अड़ा है आरोपी

जेल प्रशासन के मुताबिक, भूख हड़ताल पर बैठा अशोक धनाराम राजस्थान के बहुचर्चित सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड का आरोपी है। जेलर भंवर सिंह ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड में नाम सामने आने और सुरक्षा कारणों के चलते उसे अजमेर की इस हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट किया गया था। लेकिन अब अशोक इस जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर होने की जिद पर अड़ा हुआ है।

गैंगस्टर रोहित गोदारा का गुर्गा और विचाराधीन बंदी अशोक धनाराम साल 2024 से हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है। अपनी इसी मांग को मनवाने के लिए उसने अन्न-जल का त्याग कर दिया है। जेल प्रशासन लगातार उससे समझाइश कर भूख हड़ताल खत्म करवाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं है। एहतियात के तौर पर जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड से जुड़ा है कनेक्शन

दिसंबर 2023 में जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली थी।

जांच में सामने आया कि अशोक ने ही गोगामेड़ी के शूटरों को हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी भी इस गैंग के कई गुर्गों पर शिकंजा कस चुकी है।

इनका कहना है…

बंदी अशोक भूख हड़ताल पर है। जेल में ही मेडिकल चेकअप जारी है। जेल मुख्यालय को मामले की सूचना भेजी गई है।
-भंवर सिंह, जेलर, हाई सिक्योरिटी जेल

कौन है रोहित गोदारा और क्या है उसकी गैंग?

रोहित गोदारा मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर (लूणकरणसर) का रहने वाला है और इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे खतरनाक और सक्रिय हैंडलर माना जाता है। रोहित गोदारा पर राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में रंगदारी, मर्डर और फिरौती के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

विदेश से संचालित करता है गैंग

वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो चुका है और माना जाता है कि वह कनाडा या किसी अन्य देश में बैठकर भारत में अपना नेटवर्क चला रहा है। राजस्थान के बड़े कारोबारियों, सटोरियों और बिल्डरों को धमकी भरे कॉल करने और रंगदारी वसूलने में रोहित गोदारा गैंग का नाम सबसे ऊपर आता है।

गोगामेड़ी हत्याकांड के अलावा राजू ठेहट हत्याकांड में भी इस गैंग का सीधा हाथ था। फिलहाल, राजस्थान पुलिस और एनआईए इस गैंग के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी हुई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें