13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर में गैस सिलेंडर किल्लत की सच्चाई आई सामने, DM ने दी बड़ी चेतावनी, हड़बड़ाहट में बुकिंग करने से पहले पढ़ लें ये खबर

LPG Crisis: ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के बीच गैस सप्लाई को लेकर अफवाहों से अजमेर में सिलेंडर की मांग बढ़ गई। शिकायतों के बाद कलेक्टर लोकबंधु और एसपी वंदिता राणा ने गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया।

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Arvind Rao

Mar 13, 2026

Ajmer LPG panic Collector Lokbandhu warns against black marketing says no shortage amid Iran-Israel tensions

गैस सिलेंडर की किल्लत की सच्चाई आई सामने (फोटो- पत्रिका)

Rajasthan LPG Crisis: अजमेर: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, विशेषकर ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़े युद्ध के साए ने भारत में भी ईंधन और पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। राजस्थान के अजमेर शहर में पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की किल्लत और बुकिंग न होने की खबरों ने आम जनता को परेशान कर रखा है।

स्थिति को बिगड़ते देख और बढ़ती शिकायतों के बीच अजमेर जिला प्रशासन और पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया।

प्रशासनिक अमले ने वैशाली नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर सहित कई अन्य इलाकों में पहुंचकर जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल एजेंसी संचालकों से बात की, बल्कि गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाकर आपूर्ति व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए।

पैनिक बुकिंग और तकनीकी समस्या बनी बाधा

जिला कलेक्टर लोकबंधु ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की उपलब्धता में कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया, युद्ध की खबरों के कारण आम जनता के बीच एक डर बैठ गया है, जिससे लोग पैनिक बुकिंग कर रहे हैं।

जिन लोगों के पास खाली सिलेंडर पड़े हैं, वे भी उन्हें तुरंत भरवाने की होड़ में लगे हैं। एक साथ हजारों बुकिंग होने के कारण बुकिंग एप्लीकेशन पर तकनीकी दबाव बढ़ गया है, जिसे लोग किल्लत समझ रहे हैं।

कलेक्टर ने जनता से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि घरेलू सिलेंडर नियम अनुसार सभी को पर्याप्त मात्रा में मिलेंगे। हालांकि, वर्तमान स्थिति को देखते हुए कमर्शियल सिलेंडर के वितरण पर अस्थायी पाबंदी या विशेष निगरानी रखी जा रही है।

कालाबाजारी करने वालों को सख्त चेतावनी

प्रशासन को ऐसी शिकायतें भी मिली थीं कि कुछ लोग संकट का फायदा उठाकर सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं या उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी एजेंसी संचालक या बिचौलिया कालाबाजारी में लिप्त पाया गया, तो उस पर ठोस कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एजेंसी का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: एसपी वंदिता राणा

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि गैस एजेंसियों के बाहर बढ़ती भीड़ और संभावित हंगामे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, गैस एजेंसियों के आसपास अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। स्थानीय थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में गैस वितरण पर पैनी नजर रखें। अवैध भंडारण और महंगे दामों पर गैस बेचने वालों के खिलाफ खुफिया एजेंसियां सक्रिय कर दी गई हैं।

अजमेर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गैस की सप्लाई चैन पूरी तरह सुरक्षित है। जनता को सलाह दी गई है कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें, ताकि सिस्टम पर अनावश्यक बोझ न पड़े और सभी को समयबद्ध तरीके से डिलीवरी मिल सके।