Car Accident Viral Video: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। आगरा जिले के सिकंदरा थाना इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। डांस कर रही महिलाओं को एक बेकाबू कार नें रौंद दिया। हादसे में कई महिलाओं के घायल होने की खबर है।
बताया जा रहा है कि खड़वाई गांव में कुआं पूजन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी एक बेकाबू इको वैन ने वहां नाच रही महिलाओं और बच्चों को टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हो गए।
खबरों की माने तो कार्यक्रम का आयोजन दिवाकर सिंह (पुत्र परशुराम) के घर पर किया गया था। मंदिर के पास ढोल-नगाड़ों की ताल पर ग्रामीण महिलाएं और बच्चे नाच रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। साथ ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रुनकता चौकी से पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर पुलिस ने चौकी में खड़ा कर दिया है। शुरूआती जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि गाड़ी चलाने वाला शख्स श्यामवीर (पुत्र गंगा सिंह) है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों को खंगाल कर आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
Updated on:
30 Jul 2025 01:05 pm
Published on:
30 Jul 2025 01:04 pm